भोपाल मंडल में राजभाषा पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत ‘टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता’ आयोजित

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर

पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल में 14 से 26 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा–2026 का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को ‘टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भोपाल मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी में प्रभावी एवं सुव्यवस्थित टिप्पण तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर राजभाषा विभाग द्वारा प्रतिभागियों को राजभाषा हिंदी के प्रयोग से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों में हिंदी में कार्यालयीन कार्य करने की दक्षता विकसित करने के साथ-साथ सरल, सहज एवं प्रभावी हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना है।

उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर को राजभाषा पखवाड़ा–2026 का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी द्वारा किया गया था।
राजभाषा पखवाड़े के दौरान 16 सितंबर को हिंदी निबंध प्रतियोगिता, 17 सितंबर को वाक् प्रतियोगिता तथा 21 सितंबर को कर्मचारी प्रश्नमंच का आयोजन किया जाएगा। पखवाड़े का समापन समारोह, पुरस्कार वितरण एवं हास्य कवि सम्मेलन 26 सितंबर को नर्मदा क्लब में दोपहर 3 बजे आयोजित किया जाएगा।

भोपाल मंडल द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता करने तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रसार को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button