विज्ञान मंथन यात्रा में चयनित स्टूडेंट्स आज सीएम से मिलेंगे:375 विद्यार्थी दिल्ली-चंडीगढ़ यात्रा पर होंगे रवाना

मध्यप्रदेश सरकार की विज्ञान मंथन यात्रा के तहत चुने गए बच्चों को देश की बड़ी-बड़ी वैज्ञानिक प्रयोगशालाएं और संस्थान दिखाए जाते हैं, ताकि वे किताबों से बाहर निकलकर असली विज्ञान को समझ सकें। इस साल यह यात्रा 21 से 27 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है।

ऐसे में 17वीं विज्ञान मंथन यात्रा के तहत 21 अप्रैल को सभी चयनित विद्यार्थी नेहरू नगर स्थित विज्ञान परिषद कार्यालय में इकट्ठा होंगे। शाम को 7 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवास पर उनके सम्मान में भोज और संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस दौरान बच्चों से संवाद करेंगे। भोपाल के वैज्ञानिक संस्थानों के प्रमुख वैज्ञानिक भी इसमें शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री यात्रा का फ्लैग ऑफ भी करेंगे।

16 सालों से हो रही विज्ञान मंथन यात्रा मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (एमपीसीएसटी) द्वारा चलाया जा रहा यह कार्यक्रम पिछले 16 सालों से हो रहा है। इसका उद्देश्य विज्ञान में रुचि रखने वाले होनहार बच्चों को प्रोत्साहित करना और उन्हें वैज्ञानिक सोच से जोड़ना है।

इस साल यात्रा में 10वीं, 11वीं और 12वीं के 375 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित छात्रों को दो ग्रुपों में बांटा गया है। दोनों ग्रुप 22 अप्रैल को रानी कमलापति स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन द्वारा रवाना होंगे।

33 विज्ञान शिक्षक होंगे मार्गदर्शक प्रदेशभर से कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विज्ञान विषय के 375 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया 5 जोनों में बांटकर की गई, हर जोन से 75 विद्यार्थी चुने गए। कक्षा 10वीं से 125 (76 छात्र, 49 छात्राएं), 11वीं से 125 (71 छात्र, 54 छात्राएं) और 12वीं से 125 (77 छात्र, 48 छात्राएं) चयनित हुए।

सभी चयन ऑनलाइन पारदर्शी प्रक्रिया से किए गए हैं। इनके मार्गदर्शन के लिए 33 विज्ञान शिक्षकों का भी चयन किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button