कमल हासन बोले- कन्नड़ भाषा तमिल से जन्मी:कन्नड़ एक्टर की तरफ इशारा करके कहा, BJP बोली- भाषा का अपमान किया

तमिलनाडु में ट्राई लैंग्वेज विवाद के बीच साउथ सुपरस्टार कमल हासन ने कहा- कन्नड़ भाषा तमिल से जन्मी है। उन्होंने यह बयान 24 मई को चेन्नई में अपनी नई फिल्म ठग लाइफ के ऑडियो लॉन्च इवेंट के दौरान दिया। इस बयान का अब कर्नाटक में विरोध हो रहा है।

हासन ने इवेंट के दौरान कन्नड़ एक्टर शिव राजकुमार की ओर इशारा करके कहा- शिव राजकुमार मेरे परिवार जैसे हैं, इसलिए यहां हैं। मैंने अपनी बात जीवन, संबंध और तमिल से शुरू की। आपकी भाषा (कन्नड़) तमिल से निकली है, इसलिए आप भी हमारे ही हिस्से हैं।

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने कहा- दूसरों की भाषा का अपमान करना असभ्य व्यवहार है। कमल हासन का घमंड है कि उन्होंने कन्नड़ सहित कई भाषाओं में काम किया। लेकिन तमिल भाषा के महिमामंडन में एक्टर शिव राजकुमार को शामिल करके कन्नड़ भाषा का अपमान किया है।

दरअसल, केंद्र सरकार और तमिलनाडु सरकार के बीच ट्राई लैंग्वेज विवाद चल रहा है। न्यू एजुकेशन पॉलिसी 2020 के तहत सिफारिश की गई थी कि स्टूडेंट्स 3 भाषाएं सीख सकता है लेकिन किसी भाषा को अनिवार्य नहीं किया गया है। राज्यों और स्कूलों को यह तय करने की आजादी है कि वे कौन-सी 3 भाषाएं पढ़ाना चाहते हैं। तमिलनाडु सरकार हिन्दी भाषा का विरोध कर रही है।

हासन बोले थे- तमिलों ने भाषा के लिए जान गंवाई, इसके साथ मत खेलो

ट्राई लैंग्वेज (तमिल, हिन्दी और अंग्रेजी) विवाद को लेकर 21 फरवरी को अभिनेता कमल हासन ने कहा था- तमिल भाषा उनकी सांस्कृतिक पहचान है। लोगों ने इसके लिए जान गंवाई है। इसके साथ खिलवाड़ न करें।

चेन्नई में अपनी पार्टी के आठवें स्थापना दिवस पर हासन ने कहा- भाषा के मुद्दे को हल्के में न लिया जाए। तमिलनाडु के बच्चे भी जानते हैं कि उन्हें कौन सी भाषा चाहिए। उनके पास अपनी समझ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button